रायबरेली में युव‍क ने एसपी कार्यालय में किया आत्मदाह का प्रयास

 रायबरेली। नसीराबाद पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शनिवार की सुबह एक युवक ने एसपी आफिस में आत्मदाह करने की काेशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस और मीडिया कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसे शहर पुलिस के सिपुर्द कर दिया गया।पूरे मितई निवासी हीरालाल सुबह करीब 11.30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उसने जोर-जोर से चीखते हुए नसीराबाद पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इसी बीच उसने खुद पर केरोसीन उड़ेल लिया और आग लगाने लगा। गनीमत रही कि कार्यालय में मौजूद पुलिस और मीडियाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। आनन-फानन में उसे पकड़कर कार्यालय के भीतर लाया गया। उसे नहलाने के बाद शहर पुलिस को सौंप दिया गया।इस बीच हीरालाल ने बताया कि नसीराबाद पुलिस उसका उत्पीड़न कर रही है। आए दिन रात में उसे घर से उठाकर थाने ले जाया जाता है और मारपीट की जाती है। कई झूठे केस भी उसके खिलाफ दर्ज हैं। पुलिस के उत्पीड़न से आजिज आकर वह खुदकुशी करने जा रहा था।इस संबंध में नसीराबाद एसओ दयानंद तिवारी ने बताया कि हीरालाल आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ जानलेवा हमला, चोरी सहित पांच केस दर्ज हैं। दिसंबर में उसे जेल भी भेजा गया था। उसने पुलिस पर जो भी आरोप लगाए हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।