गाजियाबाद। इंदिरापुरम की शिप्रा सन सिटी में ‘ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल’ की गाजियाबाद इकाई ने एक बैठक कर कायस्थों के ऐतिहासिक गौरव को दोहराने का आह्वान किया है। जिधाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कायस्थ हितों की रक्षा के लिए हम सभी को सदैव तैयार रहना चाहिए। हमें इस समाज के उन सभी चित्रांश परिवारों की चिंता होनी चाहिए, जो आर्थिक तौर पर कमजोर हैं और शिक्षा व विकास में पीछे छूट गए हैं। ऐसे सभी कायस्थों तक इस संगठन का हर कार्यकर्ता जो जहां भी है, उसे पहुंचना चाहिए और यही संस्था का मुख्य उद्देश्य भी है।
गाजियाबाद कार्यकारिणी की बैठक में इस पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया कि संगठन में युवाओं और महिलाओं को बड़े पैमाने पर कैसे तरजीह दी जाए और उनकी बड़ी भागीदारी सुनिश्चित हो। जिलाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव ने इस दिशा में बताया कि उन्होंने युवा प्रकोष्ठ के माध्यम से तमाम कायस्थ युवक-युवतियों को संगठन से जोड़ने के लिए अभियान चलाना शुरू कर दिया है। वह ऐसे कायस्थों की सूची भी तैयार करवा रहे हैं, जो समाजिक कार्यों में सदैव आगे रहते हैं। जिन कायस्थ बंधुओं ने समाज के विकास में अपना महत्पूर्ण योगदान दिया है, उनके मान-सम्मान के लिए भी शीघ्र ही एक बड़ा आयोजन किया जाएगा। इसकी रूपरेखा तय करने के लिए सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही वह इस दिशा में राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलकात करेंगे। उन्होंने कायस्थ साथियों से यह भी अपील की है कि हमें चित्रांश भाईयों को एकता बनाए रखने के लिए हमेशा एक-दूसरे से संवाद बनाए रखना चाहिए। जब तक हम अपने अहम को भुलाकर बात नहीं करेंगे, एक दूसरे की मदद किसी रूप में संभव नहीं है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को आयोजित बैठक का एजेंडा था कि संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और मुख्य उद्देश्यों की पूर्ति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस पर बैठक में शामिल सभी सदस्यों और पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव दिए। उसके बाद एबीपी न्यूज गंगा से जुड़े पत्रकार व ‘ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल’ के प्रवक्ता अजय भटनागर को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन और गाजियाबाद जिलाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव ने प्रशंस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय सचिव विकास सक्सेना, राजेश श्रीवास्तव, जिला महासचिव नरेन्द्र सक्सेना, आकाश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।