चंडीगढ, साहिल कजला। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और पंजाब भाजपा के प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में आज मशहूर फिल्म अभिनेत्री माही गिल और अभिनेता कमलदीप सिंह उर्फ हॉबी धालीवाल भाजपा में शामिल हो गए। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर विशेष तौर से मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पंजाब की पंजाबियत कहीं खोती जा रही है। देश और पंजाब के सौहार्द के लिए भाजपा पंजाब के गौरव को पुनः वापस लाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि माही गिल और हॉबी धालीवाल के आने से भाजपा का प्रभाव बढ़ेगा।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की नूराकुश्ती
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर जो नूराकुश्ती की, उससे सब वाकिफ हो गए हैं। पंजाब की राजनीति इससे कहीं आगे निकल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज यहां के हर गांव में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत हो रहा है। शहर से लेकर गांवों तक हर जगह के नागरिक बदलाव चाहते हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने माही गिल और हॉबी धालीवाल का भाजपा में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को बड़ी मजबूती मिली है। इस मौके पर दुष्यंत गौतम और सुभाष शर्मा मौजूद थे।