हाऊस टैक्स वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने किया नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन

 गाजियाबाद। हाऊस टैक्स वृद्धि के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने  नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने नगर निगम दफ्तर पर ढ़ोल-नगाड़े बजाकर टैक्स वृद्धि पर  विरोध  किया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सत्तारूढ़ नगर निगम टैक्स बढ़ोतरी करके जनता का गला घोंटने का काम कर रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक ने कहा कि नगर निगम 15 प्रतिशत हाऊस टैक्स बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। जो जनता के साथ न केवल अन्याय है, कोरोना काल में गरीब जनता की हत्या करने जैसा है। पिछले दो साल से आम आदमी हो, या फिर व्यापारी या फिर उद्योगपति, हर कोई कोरोना महामारी की वजह से परेशान है। सभी के काम धंधे चौपट हो गए है, बावजूद इसके नगर निगम एक साथ 15 प्रतिशत टैक्स बढ़ोतरी करने पर उतारू है, जिससे लोगों की जेब पर और आर्थिक भार पड़ेगा। कांग्रेसियों ने नगर निगम की इस शोषणपूर्ण नीति का ढ़ोल-नगाड़े बजाकर विरोध किया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी बीके सिसोदिया एडवोकेट, कॉग्रेस पार्षद दल के नेता सत्य प्रकाश सत्तो के प्रतिनिधि पुत्र कुलभूषण उर्फ मोनू, कार्यकारिणी मेंबर मोहम्मद जाकिर सैफी, पूर्व पार्षद सुनील चौधरी, महिला जिला अध्यक्ष पूजा मेहता आदि मौजूद रहे।