मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिया कड़क निर्देश, अयोध्या में बुनियादी पर्यटन सुविधाएं जल्द विकसित करें

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या मंडल की समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर गुरुवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कहा कि विकास की गति को और तेज करें। अवधपुरी के विकास का खाका अफसरों को समझाने के बाद समीक्षा बैठक की विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेने के साथ ही निर्देश दिए कि अयोध्या में पर्यटन की बुनियादी सुविधाएं विकसित करें। वहीं, अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि योजनाएं समय से पूरी हों। किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय की जाएगी। किसी भी स्तर पर प्रस्ताव लंबित नहीं रहने चाहिए। सभी कार्यों से जनप्रतिनिधियों को जोड़ें। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण शुरू होने पर मंडलवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या मंडल में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। मंदिर के निर्माण के साथ पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी। इसे ध्यान में रखते हुए बुनियादी पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों और ग्राम सचिवालय का निर्माण कराएं। ग्राम सचिवालय को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध होने से सुशासन को बल मिलेगा और ग्राम स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सीएम योगी ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भौतिक सत्यापन जरूरी है। इसके लिए टीम गठित करें। टाइम लाइन के अनुसार विकास कार्य पूरे करें और जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्यवाही होनी चाहिए। साथ ही सभी जिलाधिकारी कोविड-19 के नियंत्रण व उपचार संबंधी गतिविधियों पर नजर रखें। सतर्कता बरतते हुए आर्थिक गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाना है। राजस्व संग्रह पर भी ध्यान दिया जाए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलायुक्त के अलावा अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी और बाराबंकी के जिलाधिकारियों से विकास कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान मुख्य सचिव आरके तिवारी और अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।