रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व सतपाल महाराज ने की लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग को भारी मतों से जिताने की अपील

 गाज़ियाबाद। स्थानीय रामलीला मैदान निकट घंटाघर में नामांकन से पूर्व भाजपा से लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत मेरठ से की गई थी। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में मेरठ की भूमिका अहम रही मेरठ गाजियाबाद में जो कुछ होता है, उसका प्रभाव न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश पर पड़ता है। यही वजह है कि मैंने यह तय किया कि अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत गाजियाबाद से करूंगा। 2009 में मुझे सांसद बनाने के बाद गाजियाबाद की जनता ने 2014 और 2019 के चुनाव में जनरल वी के सिंह को अपना प्यार और आशीर्वाद देकर सांसद बनाया। अब पार्टी ने अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है, गर्ग को विरासत से बहुत कुछ मिला है। उनके पिता दिनेश चंद्र गर्ग गाजियाबाद के पहले महापौर रह चुके हैं। 2009 से जीत का सिलसिला जो जारी है वह जारी रहना चाहिए। गाजियाबाद मेरा परिवार है अतुल गर्ग के सांसद बनने के बाद परिवार का आभार व्यक्त करने आऊंगा।

राजनाथ सिंह आगे कहा कि आप हम पर या हमारी सरकार पर यकीन मत कीजिए लेकिन अर्थव्यवस्था पर शोध करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की बात मानिए जो कह रहे हैं कि मोदी सरकार में भारत के 25 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए। भारत पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ कहता था तो उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज गंभीरता से लिया जाता है रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के दौरान प्रधानमंत्री ने रूस यूक्रेन और अमेरिका के राष्ट्रपति से फोन पर बात की और साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रोक दिया गया। 

यूक्रेन में पढ़ रहे भारतीय विद्यार्थी वहां से सुरक्षित अपने देश लौटे। यह आज का भारत है। 10 साल पहले यहां रोजाना 9 किलोमीटर तक हाईवे का निर्माण होता था, लेकिन आज 38 किलोमीटर का हो रहा है। 

2014 से पहले करोड़ों रुपए के हथियार आयात किए जाते थे, अब तो गोले और मिसाइलें भारत में तैयार हो रही है और इसका निर्यात भी किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खुद एक बार कहा था कि वह एक रुपए देते हैं तो लाभार्थियों को महज 15 पैसे ही मिलते हैं, लेकिन आज ऐसा नहीं है सौ प्रतिशत लाभ लाभार्थियों को मिल रहा है। 

उन्होंने कहा कि हम जो कहते हैं वह करते हैं। जनसंघ में रहते हुए कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर बनाएंगे और अब राम मंदिर बन गया है।उन्होंने कहा कि भारत में राम राज्य आने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार कार्यवाही कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 व 2019 से गाजियाबाद में काफी विकास कार्य हुए और आगे भी विकास कार्यों के लिए लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग जी को भारी मतों से विजय बनाएं।

संबोधन से पूर्व हिंडन एयर फोर्स पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजू छाबड़ा के नेतृत्व में महाराज जी का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से राकेश प्रमुख, संजीव लाहोरिया, हरि मेहता,सुनील चाचा, प्रदीप शर्मा, नकुल अरोड़ा, वसूल गर्ग, युग छाबड़ा उपाध्यक्ष एबीपी नॉर्थ केंपस दिल्ली यूनिवर्सिटी उपस्थित रहे।

जन सभा को संबोधित करने वालों में महंत नारायण गिरी महाराज, आध्यात्मिक गुरु पवन सिन्हा, प्रदेश मंत्री सुनील शर्मा,विधायक नंद किशोर गुर्जर, अजित पाल त्यागी, धर्मेश तोमर, लोकसभा प्रभारी मानवेन्द्र सिंह, लोकसभा संयोजक अजय शर्मा, महापौर श्रीमती सुनीता दयाल, पूर्व महापौर आशा शर्मा, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष सतपाल प्रधान, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, रालोद जिला अध्यक्ष अमित त्यागी सरना, महा नगर अध्यक्ष रेखा चौधरी, शिक्षाविद ऋचा सूद आदि थे।