प्रोग्रेसिव हायर सैकेण्डरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अनेक गतिविधियों द्वारा मनाया 'पृथ्वी दिवस'

गाजियाबाद। संजय नगर सेक्टर-23 के प्रोग्रेसिव हायर सैकेंडरी स्कूल में सोमवार दिनांक-22 अप्रैल को Earth Day (पृथ्वी दिवस) मनाया गया। 

स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने बहुत ही उत्सुकता से अपनी भूमिका निभाई साथ ही स्कूल की सभी अध्यापिकाओं ने बच्चों का  मनोबल बढ़ाते हुए मार्गदर्शन किया। सभी छात्र-छात्राओं ने जैसे-निबंध-लेखन, पोस्टर मेकिंग, श्लोगन लेखन, पौधा रोपण आदि गतिविधियों में उत्साह पूर्वक भाग लिया।

इस मौके पर स्कूल प्रबंधक श्री जे पी त्यागी जी ने सभी को 'पृथ्वी दिवस' की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 22 अप्रैल के दिन को ही 'पृथ्वी दिवस' मनाया जाता है। इस दिन को (International Mother Earth Day) के नाम से भी जाना जाता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को होने वाले खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करना है, और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है। भूस्खलन, ग्लोबल वॉर्मिंग और प्रदूषण के कारण पर्यावण को अत्यधिक नुकसान पहुंचता है, ऐसे में यदि व्यक्ति अपने स्तर पर भी पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का प्रण ले तो हमारी पृथ्वी फलती-फूलती रहेगी। उन्होंने आगे बताया कि पृथ्वी सिर्फ़ मनुष्यों की ही नहीं बल्कि करोड़ों जीव-जंतुओं और वनस्पतियों के रहने का स्थान भी है, या यूं कहें कि यह सबका घर है लेकिन, मनुष्य अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पृथ्वी को लगातार जाने अनजाने में नुकसान पहुंचाता जा रहा है, जिसके चलते प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिल रही हैं। प्रकृति इस तरीके से अनबैलेंस हो गई है कि बाढ़, पॉल्यूशन, क्लाइमेट चेंज, ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं इन्ही समस्याओं पर सबका ध्यान आकर्षित करने के लिए और पृथ्वी पर मंडरा रहे खतरे को दूर करने के लिए पृथ्वी दिवस (Earth Day) मनाया जाता है, ताकि लोगों को पृथ्वी और प्रकृति के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके।