नागेंद्र त्रिपाठी ने कवि सम्मेलन में प्रतिभाग कर विश्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया

गाजियाबाद। दुनिया के सबसे बड़े कवि सम्मेलन में प्रतिभाग कर विश्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा कर शहर के कलमकार नागेंद्र त्रिपाठी ने गाजियाबाद, वाराणसी समेत समूचे उत्तर प्रदेश को गौरवान्वितत किया है।

बुलंदी संस्था द्वारा आयोजित "हिंदी की वैश्विक यात्रा- बुलंदी पर हिंदी" नामक अनवरत कवि सम्मेलन को हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड लंदन द्वारा विश्व रिकॉर्ड में सम्मिलित किया गया है। इस कार्यक्रम में दुनिया के 55 देशों के हिंदी कवियों सहित 1206 कलमकारों ने प्रतिभाग किया।साथ ही यह आयोजन 220 घंटे अनवरत आयोजित हुआ।हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड लंदन द्वारा सबसे ज्यादा देशों की सहभागिता सहित अनवरत 220 घंटे आयोजित होने व सभी मानकों के पूर्ण होने पर यह आयोजन विश्व रिकॉर्ड में सम्मिलित किया गया है।

ज्ञातव्य है कि बुलंदी अंतरराष्ट्रीय संस्था के संस्थापक व अंतरराष्ट्रीय कवि बादल बाजपुरी व संरक्षक पंकज प्रकाश ने काव्य पाठ हेतु गाजियाबाद से नागेंद्र त्रिपाठी को आमंत्रित किया था। नागेन्द्र त्रिपाठी के उत्कृष्ट काव्य पाठ व मंच संचालन को ध्यान में रखते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड में सहभागिता का उपरोक्त प्रमाण पत्र एवं मेडल बुलंदी संस्था के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय कवि विवेक बादल बाजपुरी व संरक्षक पंकज प्रकाश के माध्यम से प्राप्त हुआ है।

बताते चलें कि बुलंदी संस्था वर्ष 2021 और 2022 में क्रमशः 207 घंटे एवं 400 घंटे अनवरत वर्चुअल कवि सम्मेलन आयोजित करवा कर तीन बार विश्व रिकॉर्ड बना चुकी है तथा हिंदी भाषा के उत्थान व कलमकारों के सम्मान हेतु लगातार कार्य कर रही है।