क्षेत्रीय वनाधिकारी को दिया ज्ञापन

मुरादनगर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर कार्यकारिणी ने अवैध रूप से काटे जा रहे वृक्षों का संज्ञान लेकर उन्हें काटे जाने से रोकने हेतु एक ज्ञापन क्षेत्रीय वनाधिकारी को दिया। 

ज्ञापन के अनुसार आधुनिकता की दौड़ में कंक्रीट के जंगल, सड़कों या कारखानों में तब्दील होता जा रहा है। प्रतिदिन प्रदूषण का बढ़ता स्तर आज चिंता का विषय बना हुआ हैं। विकास के नाम पर हम सभी विनाश की ओर बढ़ रहे है। रोजाना वन, बाग तथा पेड़ पौधे काटे जा रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की है कि अवैध रूप से काटे जा रहे वृक्षों का संज्ञान लेकर उन्हें काटे जाने से रोका जाये तथा वृक्षों को चिन्हित कर उन्हें टैग किया जाए। साथ ही एक स्थान चिन्हित कर एक स्मृति उपवन की स्थापना हो, जिसमे लोग अपने प्रियजनों की याद में वृक्षारोपण कर सकें, उसी स्थान पर एक तालाब भी बनाया जाए ताकि वर्षा जल संरक्षित हो सके तथा तथा उस स्थान का यथोचित सौन्दर्यकरण हो।

क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित सिंह ने कहा कि अब प्रदेश में आम, नीम, पीपल, बरगद, गूलर, पाकड़, अर्जुन, पलाश, बेल, इमली, जामुन, शीशम, सागौन आदि समेत 29 प्रजातियों के पेड़ काटने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। केवल विशेष परिस्थिति में वन विभाग की अनुमति लेकर ही इन पेड़ों को काटा जा सकता है तथा एक पेड़ काटने के बदले दस पौधा लगाना होगा व उसका संरक्षण करना होगा।  अन्यथा वन विभाग इसके लिए जुर्माने के तौर पर धनराशि जमा करेगा और वन विभाग इस रकम से पौधे लगा कर उनका संरक्षण करेगा। क्षेत्र में कोई भी अवैध रूप से वृक्षों को काटेगा तो विभाग उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए व वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।

इस अवसर पर मण्डल के अध्यक्ष राजकुमार गोयल, प्रांतीय मंत्री मनीष गोयल, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंघल, यज्ञदत्त शर्मा, महामंत्री अतुल गर्ग कोषाध्यक्ष मनोज बिंदल, वन दरोगा मुकेश कुमार, महेंद्र प्रताप, वन रक्षक रितु शुक्ला आदि उपस्थित रहे।