पंजाबः “आप” के इस नेता पर दुष्कर्म का मामला दर्ज

नयागांव। नयागांव के रहने वाले आम आदमी पार्टी के नेता एवं नगर काउंसिल नयागांव के पूर्व उप प्रधान पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। लेकिन आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की पहचान कृष्ण यादव निवासी नयागांव के रूप में हुई है। आरोपी विधानसभा चुनाव से पहले आप में शामिल हुआ था।

जानकारी के अनुसार इलाके की रहने वाली 25 वर्षीय एक महिला ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर घटना सम्बन्धी जानकारी दी थी। इसके पश्चात स्थानीय पुलिस की तरफ से कार्रवाई करते हुए महिला सब इंस्पेक्टर गगनदीप कौर ने पीड़ित से फोन पर बात की। पीड़ित को बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने बुलाया गया।


सब इंस्पेक्टर गगनदीप कौर ने मामले में पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया। देर रात ही पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए खरड़ अस्पताल ले जाया गया था। वहीं पीड़िता की छोटी बहन ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा है कि आरोपी अपने राजनीतिक रसूख एवं पैसे के बल पर समझौते का दबाव बना रहा है और तरह-तरह की धमकियां दिलवा रहा है। जिस कारण हमारे परिवार को खतरा है।


वहीं मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस मामले में बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नगर काउंसिल नयागांव के पूर्व उपप्रधान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।