युवा जल संरक्षण समिति का तीसरा स्थापना दिवस

 मुरादनगर। दिल्ली मेरठ मार्ग पर स्थित एक स्कूल में युवा जल संरक्षण समिति के तीसरे स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दिनेश कुमार त्यागी, अरविंद कुमार व संजय कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया। 

सीएससी ई गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार त्यागी ने कहा कि जल स्तर को बनाये रखने के लिए जोहड़ एक बहुत अच्छा साधन होता था। आज इस विषय पर कार्य करने की आवश्यकता है। वृक्षारोपण भी भूमिगत जलस्तर को बनाये रखने के लिए बहुत आवश्यक है। जल संरक्षण एक आंदोलन है। उन्होंने समिति द्वारा तीन वर्षों में किये गए कार्यों को सराहा।

इंडिया वाटर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ अरविंद कुमार ने कहा कि सिर्फ आय बढ़ाने के लिए प्राकृतिक स्रोतो की हानि नहीं होनी चाहिए। अपनी रोजमर्रा की आवश्यकता को कम करके भी हम पानी बचा सकते है। यदि आज हमने भूजल को संरक्षित नही किया तो आने वाला कल सुखी नहीं हो सकता। क्षेत्र के अनुसार आवश्यकता को समझते हुए वृक्षारोपण करें। जो भी कारखाने भूजल को दूषित कर रहे है उनको चयनित कर उनको ऐसा करने से रोका जाए। उन्होंने कहा कि अपने अस्तित्व को खो चुके आसपास के जल स्रोतों को चिन्हित कर संबंधित विभाग एवं अधिकारियों की मदद से उन्हें पुनर्जीवित करने का कार्य करें। 

पर्यवरणविद संजय कश्यप ने कहा कि जल संरक्षण के लिए तालाब बचा लो, नए तालाबो का सृजन करो और जो खराब है उनको ठीक कर लो। तलाब वर्षा के जल को संरक्षित करने का प्राचीनतम माध्यम है। कश्यप ने कहा कि तालाबो को पुनर्जीवित करने के लिए सामाजिक स्तर पर कार्य करना होगा। जो लोग जल संरक्षण के लिये काम कर रहे हैं या जिनको समझ है उनको इस काम में सहभागी बनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा संस्था के प्रारंभिक दौर से अब तक के सफर को देखकर मुझे संस्था के सदस्यों पर बड़ा गर्व महसूस होता है।

इस अवसर पर जल संरक्षण के लिए कार्य कर रहीं सारथी सोशल वेलफेयर सोसायटी की कल्पना पांडेय को समिति ने सम्मानित किया। नगर पालिका परिषद चेयरमैन विकास तेवतिया ने हरसंभव मदद के लिए आश्वासन दिया। समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने संस्था की पिछले 3 वर्षों की यात्रा को प्रोजेक्टर के माध्यम दर्शाया।

कार्यक्रम में टीम मुरादनगर, मोदीनगर एवं पिलखुवा के  सैकड़ों जल योद्धा और उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अमरीश गोयल, दुर्गेश शर्मा, व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष राजकुमार गोयल, नवीन सिंघल, सचिन गोयल, अम्बरीष गोयल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन गोयल आदि लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के संयोजक एवं नगर अध्यक्ष विश्व ओम त्यागी व मीडिया प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने पूरी टीम व आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया।