बरेली में कांग्रेस की मैराथन में मची भगदड़,दबीं कई लड़कियां

बरेली।  यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आयाेजित हुई लड़की हूं लड़ सकती हूं मैराथन में उमड़ी लड़कियाें की भीड़ के चलते हालात बिगड़ गए।कांग्रेसियों द्वारा आयोजित मैराथन में लड़कियों की भीड़ तो जुटा ली गई। लेकिन व्यवस्था नहीं संभाल सके। परिणाम मैराथन शुरू होते ही नजर आए। जिसके चलते अचानक मची भगदड़ में कई लड़कियां गिरकर चोटिल हो गई। हालात ये रहे कि एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भेजा गया।

मेरठ और झांसी के बाद मंगलवार को बरेली में आयोजित कांग्रेस की इस मैराथन दौड़ में भगदड़ मचने से कई लड़कियां दब गईं। इसके साथ ही इसका शुभारंभ करने अभिनेत्री काम्या पंजाबी और बिजिंग ओलिंपिक में कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज बिजेन्दर सिंह के ना पहुंचने से भी लोग काफी निराश थे। कांग्रेस ने लड़की हूं लड़ सकती हूं थीम पर मैराथन का आयोजन किया। इसमें भगदड़ मचने से आठ प्रतिभागी चोटिल हो गईं। मैराथन शुरू हुई तो बिशप मंडल इंटर कालेज का गेट छोटा पड़ गया। यहां पर लोगों के आगे निकलने की अफरातफरी में आठ प्रतिभागी चोटिल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। पांच किमी मैराथन में विनीता प्रथम स्थान पर रहीं।