लुधियाना जिला अदालत में हुए धमाके में एक की मौत , NSG और NIA कर रही जांच

चंडीगढ़।  पंजाब के लुधियाना स्थित जिला अदालत में दोपहर को हुआ धमाका क्या आतंकवादी हमला है ? इस तरह के सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एनएसजी और चंडीगढ़ से एनआईए की दो सदस्यीय टीम लुधियाना पहुंची है। इतना ही नहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले में राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। लुधियाना जिला अदालत में हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो महिला समेत 5 लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। जिनका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक धमाका जिला अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में हुआ। जहां से एक क्षत-विक्षत बॉडी बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि यह फिदायीन हमला था। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।

पुलिस ने बताया कि जिस वक्त धमाका हुआ उस वक्त जिला अदालत की कार्यवाही चल रही थी। धमाका इतना ज्यादा शक्तिशाली था कि परिसर की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले पुलिस ने धमाके में दो लोगों के मारे जाने का दावा किया था लेकिन बाद में बताया गया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है।  मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने धमाके की निंदा की और धमाके में जख्मी हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, ऐसा लग रहा है कि वो बम को ऑपरेट कर रहा था। उसके अलावा 5 लोग जख्मी हुए हैं, चोटें गंभीर नहीं हैं लेकिन वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि आने वाले चुनाव को देखते हुए पंजाब में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। इसके पीछे कौन है, इसके बारे में जांच चल रही है। बहुत जल्द खुलासा होगा। ये घटना निंदनीय है।