उत्‍तराखंड आपदा में करीब सात हजार करोड़ का नुकसान, 52 की मौत, 68 हजार लोगों को रेस्क्यू किया

  हल्द्वानी   उत्‍तराखंड में दो दिन की बारिश से मची तबाही के बाद मौसम साफ हो गया है। जिसके बाद सेना, प्रशासन और स्वयं सेवी संगठनों ने मोर्चा संभाल लिया। बारिश से सर्वाधिक तबाही कुमाऊं मंडल में मची है। अब 49 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं गढ़वाल मंडल के पौड़ी जिले में तीन नेपाली श्रमिकों की मौत हुई है। प्रदेशभर में अब तक 52 मौतों की पुष्टि प्रशासन कर चुका है। वहीं नुकसान की बात करें तो कुमाऊं मंडल में 15 पुल बह गए हैं, छह हाईवे बंद हैं, 92 संपर्क मार्ग बंद हैं, 217 मकान-दुकान क्षतिग्रस्त हों गए हैं और 68 हजार लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। सीएम पुष्‍कर सिंह धामी ने बताया कि करीब सात हजार करोड़ के नुकसान का अनुमान है। पर्वतीय इलकों में फंसे पर्यटकों और ग्रामीणों को रेस्‍क्‍यू करने के लिए आज से सेना हेलीकॉप्‍टर से अभियान चलाएगी। वहीं गृहमंत्री अमित शाह कुमाऊं में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।