गाज़ियाबाद। समाज सेवा में अग्रणी रहते हुए व्यापारी हितों के लिए संघर्षरत व्यापारी संगठन राष्ट्रीय व्यापार मंडल को और अधिक गतिशील बनाने के उद्देश्य से प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रदीप चौधरी जिनके पास अभी तक मेरठ मंडल प्रवक्ता/महामंत्री का प्रभार था उनको अब प्रदेश महामंत्री(उत्तर प्रदेश) के पद पर प्रोन्नत कर मनोनीत किया गया है।
राष्ट्रीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पंडित राकेश शर्मा (सदरपुर) ने बताया प्रदीप चौधरी का मनोनयन उनकी कर्मठता तथा लगातार व्यापारी हितों व समाजसेवा के लिए किए जा रहे कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को देखते हुए राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र सिंह की संस्तुति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राज बाबू रस्तोगी के निर्देशानुसार किया गया।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री चिन्मय भारद्वाज व राष्ट्रीय महामंत्री सुधीरकांत शर्मा ने चौधरी की प्रशंसा करते हुए बताया कि वे एक कर्मठ कार्यकर्ता ही नहीं अपितु एक सच्चे समाज सेवक भी है और उनकी इसी भावनाओं को देखते हुए उनको प्रदेश स्तर पर संगठन का कार्य देखने के लिए मनोनीत किया जाना जरूरी समझा जा रहा था जो आज पूरा हुआ।
गाजियाबाद लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी व राष्ट्रीय व्यापार मंडल के पश्चिम उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित अशोक भारतीय ने राष्ट्रीय व्यापार मंडल के निर्णय के अभिनंदन के साथ साथ शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा प्रदीप चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने से निश्चित रूप से प्रदेश के व्यापारियों को मजबूती मिलेगी।
अपने मनोनयन पर प्रदीप चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह व शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने मुझसे जो अपेक्षा की है मैं अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए सदैव संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रयासरत रहते हुए अपने दायित्व का निर्वाहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करूंगा।