तेल व्यापारी के मुनीम को लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

                        गाजियाबाद।  तेल व्यापारी के मुनीम से ढाई लाख रुपये लूटने के आरोप में तीन बदमाशों को थाना सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे 1.02 लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक, दो तमंचे, दो कारतूस और चाकू बरामद किया है। आरोपितों ने एक नवंबर की सुबह कलेक्शन कर लौट रहे राजकुमार कंसल से पैसों से भरा बैग लूट लिया था। घटना को चार बदमाशों ने अंजाम दिया था। पुलिस चौथे की तलाश कर रही है।एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अमरोहा के थाना रेहरा आदमपुर में पोरारा गांव निवासी मोहित त्यागी व रवि जाटव और सिरसा कला गांव निवासी दीपांशु त्यागी हैं। इन्हें सोमवार सुबह राजनगर एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों ने एक नवंबर की सुबह घूकना के तेल व्यापारी मोहित सिघल के मुनीम राजकुमार कंसल से ढाई लाख रुपये रखा बैग लूट लिया था। विरोध करने पर आरोपित उन्हें धक्का देकर भाग गए थे। पुलिस के मुताबिक हापुड़ का हिस्ट्रीशीटर बदमाश विकास गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ अमरोहा के गजरौला थाना में लूट, चोरी, बलवा, गैंगस्टर व आ‌र्म्स एक्ट में आधा दर्जन केस दर्ज हैं। लूट के आरोप में जेल जा चुका है। अमरोहा में पुलिस का शिकंजा कसने के बाद आरोपित गाजियाबाद आ गया। गांव से उसने रवि और दीपांशु को भी बुला लिया। एक सप्ताह पूर्व भी की थी कोशिश मोहित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बाजार में घूमने के दौरान रवि ने एक दिन राजकुमार को दुकान से पैसे लेकर बैग में रखते देखा था। करीब 10 दिन तक राजकुमार का पीछा कर रेकी की। एक नवंबर को लूट से एक सप्ताह पूर्व भी आरोपित राजकुमार का पीछा कर रहे थे, लेकिन जाम लगने के कारण उन्हें लौटना पड़ा। राजकुमार से लूट के समय विकास व दीपांशु एक बाइक पर और रवि व मोहित दूसरी बाइक पर थे। रवि और मोहित ने ही लूट को अंजाम दिया था।