बागपत में बदमाशों ने दिनदहाड़े किसान की गोली मारकर करदी हत्‍या

बागपत। उत्तर प्रदेश बागपत जिले के दाहा कस्‍बे में खेत से साइकिल पर चारा लेकर लौट रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान को दो गोलियां मारी गईं। घटना के बाद किसान के घर कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय सुरेश पाल पुत्र सुखबीर शुक्रवार की सुबह खेत में चारा लेने गए थे। सुबह लगभग नौ बजे उनकी भाभी सुनीता देवी तो घर पर लौट आई, लेकिन वे नहीं लौटे। करीब साढ़े दस बजे सुरेश पाल साइकिल पर चारा लेकर घर लौट रहे थे तभी खेत से लगभग सौ गज की दूरी पर बदमाशों ने उनकी कमर व सिर में गोली मारकर दी। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लगभग सवा ग्यारह बजे छोटे नाम का किसान खेत में जा रहा था। उसने दोघट-गांगनौली मार्ग के पास चकरोड़ पर शव पड़ा देखा तो वह कस्बे की ओर दौड़ पड़ा। उसने गांव में जानकारी दी। सूचना पर एसओ हेमेंद्र बालियान, एसओ रमाला रमेश सिंह सिद्धू सीओ आलोक सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सीओ ने बताया कि सुरेश पाल अविवाहित थे और उनका बड़ा भाई मांगे रमाला में मघुमक्खी पालन का काम करते हैं। उनकी भाभी नगर पंचायत वार्ड चार की सभासद है। घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।