बहरामपुर में महिला का शव फंदे पर लटका मिला

गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र के बहरामपुर में गुरुवार शाम को एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। स्वजनों ने पति व सास पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


विजय नगर के बुद्ध विहार कालोनी निवासी 24 वर्षीय चांदनी की शादी चार साल पहले कमरूद्दीन से हुई थी। कमरूद्दीन कार मैकेनिक है। दोनों के दो वर्षीय बेटा और एक दो माह की बेटी है। शाम के समय सास किसी काम से बाहर गई थी। पति शाम को घर पहुंचा तो महिला का शव फंदे पर लटका हुआ था। दोनों बच्चे कमरे में रो रहे थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि महिला के स्वजन पति और सास पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। जबकि पति का कहना है कि महिला ने घरेलू कलह के चलते आत्महत्या की है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अभी पुलिस को लिखित में शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर पुलिस केस दर्ज करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।