अयोध्या में बनने वाला ये भव्य राममंदिर भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का द्योतक होगा - पीएम नरेंद्र मोदी

उत्तर प्रदेश। वर्षों तक अदालत में मामला चलने के बाद आज अयोध्या में राम मंदिर की नींव पड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन किया है। पीएम मोदी ने अयोध्या पहुंच हनुमानगढ़ी में पूजा की, जिसके बाद उन्होंने रामलला के दर्शन किए। भूमि पूजन के दौरान मोहन भागवत, योगी आदित्यनाथ समेत कई मेहमान शामिल रहे। हर अतिथि को चांदी का सिक्का दिया गया, जिसमें राम दरबार की तस्वीरअंकित है।भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न होने पर प्रधानमंत्री ने अयोध्या की माटी को अपने माथे पर लगाया और प्रणाम किया। सियावर राम चंद्र की जय के साथ पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सदियों से चल रहे टूटने और उठने के क्रम से राम जन्मभूमि आज मुक्त हुई है। श्रीराम का मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक प्रतीक बनेगा। अपने अभिभाषण में पीएम ने राम से प्रेरणा लेने की सीख दी।                              पीएम मोदी ने कहा कि मेरा यहां आना बड़ा स्वाभाविक भी था क्योंकि राम काज कीने बिन मोहि कहां विश्राम। भारत आज भगवान भास्कर के सामने सरयू किनारे एक नया अध्याय रच रहा है। आज श्रीराम का यह जयघोष सिर्फ सिया-राम की धरती में ही नहीं सुनाई दे रहा, इसकी गूंज पूरे विश्व में है। सभी देशवासियों को, विश्व में फैले करोड़ों राम भक्तों को आज के इस सुअवसर पर कोटि-कोटि बधाई।                                                                                                                                                   पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि श्रीराम के नाम की तरह ही अयोध्या में बनने वाला ये भव्य राममंदिर भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का द्योतक होगा। यहां निर्मित होने वाला राममंदिर अनंतकाल तक पूरी मानवता को प्रेरणा देगा। पीएम ने कहा कि आज भी भारत के बाहर दर्जनों ऐसे देश हैं जहां, वहां की भाषा में रामकथा प्रचलित है। मुझे विश्वास है कि आज इन देशों में भी करोड़ों लोगों को राम मंदिर के निर्माण का काम शुरू होने से बहुत सुखद अनुभूति हो रही होगी। आखिर राम सबके हैं, सब में हैं। तुलसी के राम सगुण राम हैं, तो नानक और कबीर के राम निर्गुण राम हैं! भगवान बुद्ध भी राम से जुड़े हैं तो सदियों से ये अयोध्या नगरी जैन धर्म की आस्था का केंद्र भी रही है। राम की यही सर्वव्यापकता भारत की विविधता में एकता का जीवन चरित्र है। हनुमानगढ़ी के गद्दीनशीन श्रीमंहत प्रेमदास जी ने पीएम मोदी को चांदी का मुकुट व रामनामी भेट कर स्वागत किया। इस दौरन उनके साथ सीएम योगी भी मौजूद रहें। हनुमानगढ़ी से प्रधानमंत्री का काफिला जन्मभूमि परिसर की ओर रवाना हो गया। वहां पर उन्होंने राम मंदिर का भूमि पूजन व शिलान्यास किया। भारत वर्ष से पधारे आध्यात्मिक संस्थानों के धर्मगुरुओं के साथ आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज भी उपस्थित थे।