लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने चीन के साथ सीमा पर विवाद के मामले में अपना नजरिया स्पष्ट कर दिया। बसपा मुखिया ने साफ कहा कि चीन के मुद्दे पर हम भारतीय जनता पार्टी की सरकार के साथ हैं। उन्होंने भले ही कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि चीन के मुद्दे पर कांग्रेस के लोग बेहूदी बातें करते हैं।मायावती ने लम्बे समय बाद एक न्यूज एजेंसी से वार्ता की। चीन की सीमा पर चल रहे तनाव के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को कहा कि चीन के मुद्दे पर हम तो भाजपा सरकार के साथ खड़े हैं। कांग्रेस के लोग बेहूदी बातें करते हैं। आपसी विवाद से चीन को फायदा मिलेगा। मायावती ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठ हमने हमेशा देशहित के मुद्दों पर केंद्र सरकार का साथ दिया है। चीन के मुद्दे पर बसपा तो भाजपा की सरकार के साथ खड़ी है। मायावती ने कहा कि चीन के मुद्दे को लेकर देश में कांग्रेस व भाजपा के बीच में आरोप-प्रत्यारोप की जो घिनौनी राजनीति की जा रही है वो वर्तमान में कतई उचित नहीं है। अब तो इनकी आपसी लड़ाई का सबसे ज्यादा नुकसान देश की जनता को हो रहा है। इस लड़ाई में देशहित के मुद्दे दब रहे हैं।मायावती ने कहा कि देश में बहुजन समाज पार्टी का जन्म ही कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बसपा हुआ। कांग्रेस अपनी नीतियों के साथ सत्ता से गई। भाजपा को कांग्रेस से सबक लेना चाहिए। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि कभी कांग्रेस कहती है कि बसपा तो भाजपा के हाथ का खिलौना है। कभी भाजपा कहती है कि बसपा तो कांग्रेस के हाथ का खिलौना है। इनको पता नहीं है कि दोनों पार्टियां राजनीति कर रही हैं। हम तो देश हित में काम करने वाले के साथ हैं।
बसपा, चीन के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार के साथ हैं - मायावती