सरकारी आवास के सौंदर्यीकरण पर भाजपा ने केजरीवाल पर बोला हमला

 नई दिल्ली। प्रेस वार्ता में भाजपा ने दावा किया कि शहर के सिविल लाइंस इलाके में स्थित दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के सौंदर्यीकरण पर लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस मामले को लेकर भाजपा ने सीएम केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा, "आज अखबारों में जो सुर्खियां छपी हैं वो केवल एक महाराज और उनके महल के रेनोवेशन की कहानी नहीं है बल्कि ये महाराज की मानसिकता के रेनोवेशन की कहानी है। कुछ नहीं लूंगा से... सब कुछ लूट लूंगा, कुछ नहीं छोडूंगा...ये उस महाराज में आए परिवर्तन की कहानी है।"पात्रा ने दावा किया कि मीडिया ने बताया है कि 45 करोड़ रुपये खर्च कर महाराज के महल का रेनोवेशन किया गया है। 8-8 लाख रुपये के परदे लगाए गए हैं और ये वो लोग हैं जो शपथ लेने के लिए आए थे तो ऑटो में लटक कर आए थे। कहते थे कि हम गाड़ी नहीं लेंगे... घर नहीं लेंगे। 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक का तो इनके घर में मार्बल लगा है और यह मार्बल भी वियतनाम से मंगवाया गया है।उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल का यह महल उस समय रेनोवेट हो रहा था जब दिल्ली में कोरोना से हाहाकार मचा था। अब समझ में आ रहा है कि ऑक्सीजन के टैंकर क्यों अस्पतालों तक नहीं पहुंच पा रहे थे... अरविंद जी मरीजों को बेड नहीं दे पा रहे थे क्योंकि वो अपने महल के रेनोवेशन में व्यस्त थे। ये इनकी विलासता की कहानी है।"