यूपी गेट पर नौवें दिन भी किसानों का कब्जा रहा , अन्य सीमाओं पर जाम लगा

साहिबाबाद। यूपी गेट पर दिल्ली जाने वाले रास्तों पर रविवार को नौवें दिन भी किसानों का कब्जा रहा।
इससे राहगीरों को अन्य सीमाओं से दिल्ली में प्रवेश मिला। वाहनों का दबाव बढ़ने से अन्य सीमाओं पर जाम लगा।
वहीं, रूट डायवर्जन की वजह से वाहन चालकों को भी लंबा चक्कर काटना पड़ा। इन सीमाओं पर रहा दबाव किसान यूपी गेट पर फ्लाईओवर के नीचे और ऊपर दिल्ली जाने वाले सभी रास्तों पर कब्जा कर आंदोलन कर रहे हैं। इससे यूपी गेट होकर दिल्ली जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद है। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है। हापुड़ की ओर से आने राहगीर डासना पुल, हापुड़ चुंगी, एएलटी, राजनगर एक्सटेंशन, रोटरी गोलचक्कर, नागद्वार होते हुए भोपुरा सीमा से दिल्ली जा रहे हैं। जल निगम पुलिस चौकी से मेरठ तिराहा, मोहन नगर, सीमापुरी सीमा से होकर वाहन चालक दिल्ली में प्रवेश कर रहे हैं। मोहन नगर से यूपी गेट जाने वाले डाबर तिराहा से महाराजपुर सीमा से आनंद विहार दिल्ली में प्रवेश मिल रहा है। छिजारसी, नोएडा सेक्टर-62, राहुल विहार अंडरपास, खोड़ा अंडरपास से आने वाले सभी वाहन नोएडा की ओर से दिल्ली जा रहे हैं। इसकी वजह से महाराजपुर, सीमापुरी, भोपुरा, चंद्र नगर सीमा पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।