मथुरा में 80 किलोग्राम चांदी की लूट , मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्म भूमि के पास गोविंद नगर फ्लाईओवर पर मोटरसाइकिल सवार आधा दर्जन बदमाशों ने सोमवार की शाम को मंडी रामदास निवासी दीपक अग्रवाल के कर्मचारी मनोज सिंह से हथियारों के बल पर 80 किलो चांदी की पायल लूट ली थींं। 80 किलोग्राम चांदी लूट से पूरे आगरा मंडल में सनसनी फैलाने वाली घटना में पुलिस की तेजी काम आई। वारदात के करीब 14 घंटे बाद ही पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है और उनसे करीब 40-50 किलोग्राम चांदी बरामद कर ली है। घायल बदमाशों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। उनके भागे हुए साथियों की तलाश चल रही है। आइजी ए.सतीश गणेश भी मौके पर हैं।लूट के करीब 14 घन्टे बाद ही पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर दिया है। मंगलवार की सुबह वृंदावन कोतवाली क्षेत्र की अनंतम सिटी में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही बदमाशों के कमर के नीचे गोली लगी है। करीब 40- 50 किलोग्राम चांदी बरामद हुई है। मुठभेड़ स्थल का आईजी ए सतीश गणेश ने मौका मुआयना किया और कहा कि जो बदमाश फरार चल रहे हैं। उनको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को तत्काल घटना का पर्दाफाश करने के दिशा निर्देश दिए थे। पुलिस को करीब रात 2:00 बजे शहर में बदमाशों के होने की लोकेशन मिल गई। थाना हाईवे पुलिस कोतवाली पुलिस के साथ स्‍वाट टीम बदमाशों के पीछे लग गई। चार घंटे तक बदमाशों की घेराबंदी की गई।